चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) बुधवार को अपना 101वां स्थापना दिवस का जश्न मना रहा है। पेक की स्थापना 9 नवंबर 1921 को मुगलपुरा इंजीनियरिंग कॉलेज के नाम से हुई थी। दिसंबर 1953 के अंतिम सप्ताह में संस्थान तत्कालीन जगह पर स्थापित हुआ था। पेक के 101वें स्थापना दिवस पर निदेशक डॉ. बलदेव सेतिया संस्थान को सेंट्रली फंडेड टैक्नीकल इंस्टीट्यूट (सीएफटीआई) बनाने के लिए यूटी प्रशासन के समक्ष प्रस्तुतिकरण देंगे। इसके बाद इस प्रस्ताव को शिक्षा मंत्रालय के पास भेजा जाएगा।
पेक के निदेशक डॉ बलदेव सेतिया ने बताया कि संस्थान सेंट्रली फंडेड इंस्टीट्यूट के लिए काफी समय से कोशिश कर रहा है। 1960 के शुरुआती दौर में संस्थान की ओर से इसे आईआईटी में बदलाव को लेकर प्रस्ताव भेजा गया, फिर 1966 में कोशिश की गई, लेकिन टल गया। केंद्र का कहना था कि क्षेत्र में पास में ही आईआईटी रूड़की है इसलिए एक और आईआईटी नहीं बन सकता। इसके बाद संस्थान को सीएफटीआई की श्रेणी में लाने का प्रयास हो रहा है। इसको लेकर जुलाई में ही चंडीगढ़ प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसकी प्रस्तुतिकरण के लिए बुधवार का दिन तय किया गया है।
पेक को शोध ग्रांट और अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं में होगा लाभ
डॉ. बलदेव ने बताया कि पेक के सीएफटीआई में शामिल होने के बाद यह पूरी तरह केंद्र से फंडेड हो जाएगी। इसके साथ ही केंद्र की शोध ग्रांट, अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं आदि का लाभ संस्थान छात्रों और शिक्षकों को मिल पाएगा। पेक के देश के सबसे पुराने इंजीनियरिंग संस्थानों में आता है और नई बनी आईआईटी भी सीएफटीआई की श्रेणी में आती है। इसलिए पेक को भी शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि पेक आईआईटी के स्तर का संस्थान है।
पेक की खास उपलब्धियां
देश को दी अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज ने देश को पहली महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला दी। इसके साथ ही पेक के एलुमनी में कॉमेडियन जसपाल भट्टी, थिंकविद्या के फाउंडर राकेश कालरा और पेप्सिको फूड्स के पूर्व सीईओ वरुण बेरी, फ्लाइंग अफसर पलक महाजन, आईएएस गामिनी सिंगला आदि शामिल हैं।
पेक के चार शिक्षक विश्व के दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की श्रेणी में शामिल
पेक के चार शिक्षक डॉ. संजीव कुमार, डॉ. कमल कुमार, डॉ. सुखविंदर सिंह और डॉ. कुलविंदर सिंह विश्व के टॉप दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की श्रेणी में शामिल हैं।
पेक टीम टैक्नोशियन वर्ल्ड रोबोटिक्स चैंपियनशिप में रही विजेता
पेक की टीम 21 और 22 अगस्त, 2022 को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित टैक्नोशियन वर्ल्ड रोबोटिक्स चैंपियनशिप के छठे एडिशन में पहले स्थान पर रही थी।
पेक टीम का नासा ह्यूमन एक्सप्लोरेशन रोवर चैलेंज में चयन
कॉलेज की टीम का चयन विश्व स्तरीय नासा ह्यूमन एक्सप्लोरेशन रोवर चैलेंज के लिए हो गया है। इसके लिए विश्व स्तर पर 61 टीमों का चयन किया गया है, जिसमें पेक की टीम भी शामिल है। पेक में इस टीम का बीटेक द्वितीय वर्ष के वंशुल गोयल नेतृत्व कर रहे हैं। इसके अलावा टीम में स्पर्श अग्रवाल, शाश्वत राय, गुंजन रावत, गौतम कुमार, अक्षज पैंटोला, प्रणव अग्रवाल, यक्षित वर्मा, हिमांशु गोयल, मुस्कान अनेजा शामिल हैं।