चंडीगढ़। सेक्टर-43ए में घर का ताला तोड़कर चोरी कर रहे एक चोर को मकान मालिक ने रंगे हाथ दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया जहां उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई वारदातें सुलझने की उम्मीद है। आरोपी की पहचान मोहाली के सेक्टर-127 निवासी मुकेश कुमार के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-43ए निवासी वैभव अरोड़ा परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। घर का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गया। आरोपी ने अलमारी से एक चांदी का कड़ा, एक जोड़ी पायल और दो सोने की अंगूठी और एक हीरे की अंगूठी चोरी कर ली थी। आरोपी बैग में गहने डालकर भागने लगा था, तभी वैभव घर पहुंच गए। जैसे ही घर का दरवाजा खुला देखा तो वह चौक गए। जब वह अंदर गए तो आरोपी चोरी कर रहा था। उन्होंने तुरंत उसे पकड़कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सेक्टर-43 में एक और घर में चोरी की वारदात कबूली है।