चंडीगढ़ में रैली और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अब चंडीगढ़ पुलिस की हाईटेक निगरानी रहेगी। पुलिस विभाग की कुछ विशेष गाड़ियों में नई तकनीक के कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनमें अपराधियों का पूरा डाटा अपलोड रहेगा। इन कैमरों में चेहरा कैच होते ही गैंगस्टरों-आतंकियों की पूरी कुंडली खुल जाएगी। इसका ट्रायल शुरू कर दिया गया है। ये कैमरे जल्द ही लगा दिए जाएंगे।
एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि इन कैमरों की जद में आते ही अपराधियों का सारा डाटा खुलकर पुलिस विभाग के सामने आ जाएगा। शुरुआत में इन कैमरों का इस्तेमाल रैलियों या भीड़भाड़ वाली जगहों पर किया जाएगा। किसी बड़े नेता या फिर शहर में होने वाले म्यूजिकल लाइव कन्सर्ट आदि जैसे कार्यक्रम के दौरान इन कैमरों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कई बार रैलियों में कोई आतंकी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आया हो और वह पुलिस की वांटेड सूची में शामिल हुआ तो कैमरे से नहीं बच पाएगा। पुलिस विभाग की इन विशेष गाड़ियों को ऐसी जगह खड़ा किया जाएगा, जहां से कैमरा चारों तरफ नजर रख सके। इन कैमरों की नजर में आते ही तुरंत अलर्ट आ जाएगा। इसके साथ सारा बायोडाटा पुलिस के सामने होगा। एसएसपी ने बताया कि हाईटक कैमरों में अपराधियों का डाटा पहले से मौजूद रहेगा। इससे तुरंत पता जाएगा कि वह शख्स कौन है।