चंडीगढ़। शहर से जुड़े वर्षों पुराने और अहम मुद्दों पर जल्द फैसला होने की उम्मीद है। लाल डोरा, नीड बेस्ड चेंज, संपत्ति पंजीकरण, टेनमेंट हाउस और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े पांच प्रमुख मामलों पर केंद्रीय गृह मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद इन सभी मुद्दों को सीधे गृह मंत्री के सामने रखेंगे। बैठक में नीति स्तर पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
इन विषयों पर पहले ही गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। प्रशासन का मानना है कि जिन बदलावों से शहर के हेरिटेज स्वरूप को नुकसान नहीं होगा, उन पर सहमति बनाई जा सकती है। अतिक्रमण और नियमों के खिलाफ निर्माण पर सख्ती जारी रहेगी।