चंडीगढ़ में गरमी से बचने के लिए छाता लेकर जाती युवती।
- फोटो : फाइल
चंडीगढ़ में पांच साल बाद रविवार का दिन सबसे गर्म रहा। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2017 में शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। हालांकि अभी लोगों को और गर्मी झेलनी पड़ेगी। अगले पांच दिन तक तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहने के आसार हैं। सोमवार को पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़ में 5 जून 2017 को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद वर्ष 2019 में तापमान 44.2 डिग्री पहुंचा था लेकिन रविवार को तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह नौ बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगीं। पूरा दिन लू चलती रही। हालात यह रहे कि शाम सात बजे भी तापमान 37 डिग्री के पास रहा।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अभी मौसम काफी गर्म रहेगा। अगले दो-तीन दिन और ज्यादा गर्मी पड़ेगी। लोगों को इस दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को चाहिए कि जरूरत पड़ने पर ही घर से बार निकलें।
साल दर साल गर्मी का हाल (डिग्री सेल्सियस में)
वर्ष अधिकतम तापमान
2011 39.4
2012 45.1
2013 42.6
2014 45.0
2015 41.4
2016 42.8
2017 45.0
2018 42.3
2019 44.2
2020 40.4
2021 41.9
विशषेज्ञों की सलाह
- जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें
- कहीं जा रहे हैं तो साथ में पानी जरूर रखें
- पूरी बाजू के कपड़े पहनें
- अगले कुछ दिन तक लू चलेगी। शरीर में पानी की कमी न होने दें
अगले पांच दिन का अनुमानित तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम तापमान
सोमवार 45 26
बुधवार 45 27
गुरुवार 44 28
शुक्रवार 44 29
शनिवार 43 29
गर्मी बहुत पड़ रही है, ऐसे में शरीर का बचाव जरूरी है। अगर घर से बाहर जा रहे हैं तो पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी पीकर ही निकलें। ज्यादा तेल-मसाला खाने से बचें, शरीर को ठंडा रखने के लिए फुल आस्तीन का सूती कपड़ा पहनें। दही, पुदीना, प्याज, शिकंजी, नारियल पानी व मौसमी फलों का सेवन करें। खुले में बिकने वाले खाद्य व पेय पदार्थों से दूर रहें। -डॉ. मनीष, जीएमएसएच-16