फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ : शादी समारोह से दुल्हन की मां का तीन लाख रुपयों से भरा बैग चोरी

Fri, 23 Oct 2020 02:18 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन

 सेक्टर-22 स्थित एक होटल में  वीरवार दोपहर शादी समारोह के दौरान एक युवक ने दुल्हन की मां का बैग उड़ा लिया। बैग में शगुन में मिले तीन लाख रुपये, दो मोबाइल, एटीएम कार्ड, हीरे की अंगूठी समेत अन्य गहने रखे थे। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो आरोपी युवक स्टेज से बैग चोरी कर शादी समारोह से निकलता हुआ नजर आया। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश में जुटी है।

विज्ञापन


वारदात वीरवार दोपहर करीब 2 बजे की है। पीड़ित ऊषा ठाकुर सेक्टर-49 स्थित पीजीआई सोसाइटी के मकान नंबर 3301 में परिवार समेत रहती हैं। वीरवार को उनकी बेटी अंशू की शादी थी। शादी समारोह के लिए सेक्टर-22 स्थित होटल एक को बुक करवाया गया था। दोपहर को स्टेज पर फोटो खिंचाने के दौरान ऊषा ठाकुर (60) ने अपना बैग नीचे रख दिया और फोटो खिंचवाने में व्यस्त हो गईं।

थोड़ी देर बाद जब उन्होंने देखा तो बैग गायब था। ऊषा ने होटल स्टाफ से पूछताछ की लेकिन बैग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर सेक्टर-17 थाना प्रभारी रामरतन शर्मा, सेक्टर-22 चौकी इंचार्ज नवीन कुमार की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ऊषा ठाकुर ने बताया कि बैग में शगुन के करीब तीन लाख रुपये नकद, दो मोबाइल, एटीएम कार्ड, हीरे की अंगूठी समेत अन्य जेवरात थे। पुलिस अब ऊषा के मोबाइल नंबर के सर्विलांस के आधार पर आरोपी तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
विज्ञापन


आरोपी ने लगा रखा था मास्क
जांच के दौरान जब पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो करीब 20 से 22 वर्षीय एक युवक नजर आया। उसने नारंगी शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। युवक पहले स्टेज पर चढ़ा और मौका देख दुल्हन की मां का बैग लेकर होटल के मुख्य दरवाजे से आराम से बाहर निकल गया। युवक ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था।

पहले भी होती रही हैं ऐसी वारदातें
बता दें कि इससे पहले भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में शादी समारोह से रुपयों से भरा बैग चोरी होने के मामले आते रहे हैं। इन सभी वारदातों में आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसके बावजूद ज्यादातर मामले अब तक अनसुलझे है। जनवरी 2020 में भी औद्योगिक क्षेत्र स्थित होटल हयात से एक शादी समारोह के दौरान दस लाख रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया था। बैग चोरी करने वाला बच्चा गिरोह गैंग भी सीसीटीवी में कैद हुआ था।

कब कब हुई वारदातें

  • 1- जनवरी 2020 में औद्योगिक क्षेत्र स्थित होटल हयात में शादी समारोह से दस लाख रुपयों से भरा बैग चोरी
  • 2- अक्तूबर 2019 में होटल पार्क इन से दूल्हे की मां का शगुन के दो लाख रुपये से भरा बैग चोरी।
  • 3- नवंबर 2018 में सेक्टर-10 स्थित माउंट व्यू होटल से पांच लाख रुपयों से भरा बैग चोरी
  • 4- दिसंबर 2018 में सेक्टर-37 स्थित कम्युनिटी सेंटर में शादी समारोह से दूल्हे की मां का बैग चोरी। बैग में 53 हजार रुपये और गहने थे।
  • 5- नवंबर 2017 में सेक्टर-35 स्थित खुखरैन भवन में शादी समारोह से दुल्हन की मां के 90 हजार रुपये चोरी


सावधान : शादी का सीजन शुरू होते ही सक्रिय हो गए हैं गैंग
शादी का सीजन शुरू होते ही चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में जिन घरों में शादी या अन्य समारोह हैं उन्हें बेहद सावधान रहने की जरूरत है। शादी समारोहों से गहने और रुपयों से भरा बैग चुराने वाले ये गैंग बच्चों और किशोरों को इस काम पर लगाते हैं क्योंकि बच्चों और किशोरों पर किसी का खास ध्यान नहीं रहता।

वारदात के लिए इन बच्चों को खास तौर पर प्रशिक्षण दिया गया होता है, जिससे यह बच्चे पलक झपकते ही रुपयों या गहनों से भरा बैग लेकर भाग निकलते हैं। पुलिस के अनुसार, ज्यादातर चोर गिरोह बाहरी राज्यों के होते हैं और शहर चुनकर कुछ दिनों के लिए यहां के होटलों समेत अन्य जगहों पर रहते हैं और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। यही वजह है कि ज्यादातर गिरोह को पकड़ने में पुलिस नाकाम रहती है। लेकिन अगर थोड़ी सतर्कता बरती जाए तो शादी या अन्य समारोह में बैग चोरी की वारदातों को रोका जा सकता है।

सतर्कता बरत कर बैग को चोरी होने से बचाएं

  • 1- शादी समारोह में शगुन के पैसों को एक जगह रखने की बजाय अलग-अलग बैग में रखें। कोशिश करें कि गहनों का अलग बैग हो।
  • 2- कोई भी काम करने के दौरान बैग को लावारिस न छोड़ें, बल्कि अपने किसी रिश्तेदार या जानकार को पकड़ाएं।
  • 3- समारोह में सामानों की देखरेख के लिए किसी को एक दिन के लिए नौकरी पर रख सकते हैं।
  • 4- किसी अनजान व्यक्ति या बच्चे को देखने पर फौरन उनसे पूछताछ करें।
  • 4- कोशिश करें समारोह ऐसी जगह हो जहां सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था हो
  • 6- होटलकर्मियों को भी पूरी तरह से मुस्तैद रहने को कहें। साथ ही सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी भी लगा दें
  • 7- किसी बच्चे या व्यक्ति के संदिग्ध लगने पर मामले की सूचना 112 नंबर पुलिस को दें
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें