चंडीगढ़। दिल्ली निवासी युवती की सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर चंडीगढ़ पुलिस को केस सौंप दिया है। शिकायत के आधार पर सेक्टर-17 थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में 27 वर्षीय युवती ने बताया कि जनवरी 2018 में चंडीगढ़ में रहते हुए उसकी सोशल मीडिया के जरिए सरबजीत नामक एक युवक से दोस्ती हो गई। सरबजीत ने उसे बताया कि वह मोहाली में रहता है। दोस्ती के बाद दोनों आपस में बातें करने लगे। युवती ने बताया कि उसे कुछ रुपयों की जरूरत थी। इसके चलते उसने सरबजीत से मदद मांगी। सरबजीत ने उसे सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड पर बुलाया। आरोप है कि इस दौरान सरबजीत ने उससे कहा कि अगर पैसों की जरूरत है तो उसे होटल में चलना होगा। इसके बाद दोनों एक ऑटो से सेक्टर-17 के ही एक होटल में गए, जहां सरबजीत ने उसे एक नशीली ड्रिंक पिलाई। आरोप है कि इस दौरान सरबजीत ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह वहां से चला गया और फिर वह उसे दोबारा से धमकाने लगा कि अगर वह उसके पास नहीं आई, तो वह उसके द्वारा खींची हुई सारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बदनामी के डर से सरबजीत के कहने पर पीड़िता मार्च 2018 में मनीमाजरा गई, जहां उसने फिर से उसे एक होटल में बुलाया और वहां सरबजीत व उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की फोटो का सहारा लेकर वह उसे लगातार धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। जुलाई 2018 में उसके कहने पर अमृतसर गई, जहां उसने फिर से दुष्कर्म किया। बाद में पीड़िता ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया। अब सरबजीत पीड़िता का नंबर मांग रहा है और धमकियां दे रहा है कि अगर नंबर नहीं देगी तो तो वह उसकी सारी फोटो इंटरनेट पर वायरल कर देगा जिससे परेशान होकर पीड़िता ने 20 अगस्त को दिल्ली पुलिस को शिकायत दी।