चंडीगढ़। विजय हजारे ट्रॉफी में जीत की हैट्रिक लगाने वाली चंडीगढ़ की टीम का विजय रथ सौराष्ट्र की टीम ने रोक दिया। शनिवार को कोलकाता में चंडीगढ़ की टीम का चौथा मुकाबला था। इस दौरान सौराष्ट्र ने चंडीगढ़ को 62 रन से हरा दिया। पहले खेलते हुए सौराष्ट्र की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 388 रन बनाए। बल्लेबाज प्रेरक माकंड सौराष्ट्र टीम के हीरो रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जमाया। उन्हें गेंदबाज जगजीत सिंह ने 174 के निजी स्कोर पर आउट किया। इस पारी के दौरान उन्होंने 16 चौके और 6 छक्के लगाए। अन्य बल्लेबाज वसवदा ने 52 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 71 रन बनाए। वसवदा को जसकरण ने आउट किया। इसकेबाद विश्वराज को 50 रन के निजी स्कोर पर गेंदबाज जगजीत सिंह ने आउट किया। अन्य बल्लेबाज स्नेल पटेल को 20 के स्कोर और ए बरोट को 25 के स्कोर पर गेंदबाज जसकरण ने आउट किया। चंडीगढ़ के गेंदबाज जसकरण ने 9 ओवर में 60 रन देकर 4 विकेट और जगजीत सिंह ने 10 ओवर में 84 रन देकर 1 विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर कुल 326 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज अर्सलन खान 61 रन, कप्तान मनन वोहरा 50 रन, बिपुल शर्मा 1 रन, रमन बिश्नोई 30 रन और जसकरणदीप सिंह 28 रन बनाकर आउट हुए।
जीते थे पहले तीन मैच
1. 25 फरवरी को हुए रोमांचक मुकाबले में सर्विसेज की टीम को 5 रन से हराया
2. 23 फरवरी को ईडन गार्डन में मेजबान बंगाल को 5 विकेट से हराया
3. 21 फरवरी को हरियाणा की टीम को तीन विकेट से हराया