किसानों के सवालों में उलझे दुष्यंत चौटाला, किसान नेता मनदीप पूनिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया घटनाक्रम की वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए निकल रहे जजपा नेताओं को किसानों और ग्रामीणों के खासे विरोध का सामना करना पड़ रहा है। किसान अब सीधे नेताओं से सवाल कर रहे हैं और खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। ऐसे ही एक गांव में लोगों को संबोधित कर रहे पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि कुछ लोग किसानों का नाम लेकर हर जगह विरोध कर रहे हैं, एक दिन पहले जजपा महिला कार्यकर्ताओं के कपड़े फाड़ दिए गए। इतना कहते ही ग्रामीण मुखर हो गए और एक के बाद एक सवाल दाग दिए। इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो किसान नेता मंदीप पूनिया ने सोशल मीडिया पर शेयर की है।
जैसे ही दुष्यंत ने कहा कि हमारी दो महिला कार्यकर्ताओं के कपड़े फाड़ दिए तो क्या आप गए वहां। पलटवार करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि किसान आंदोलन में कपड़े तो हमारी महिलाओँ के भी फटे थे। क्या आप आए थे उस समय। एक ग्रामीण ने कहा कि शुभकरण को गोली मारी गई थी तो आप कहां थे। 750 किसान मर गए आप कहां थे। जवाब में दुष्यंत ने कहा कि, क्या मैंने गोली मारी है तो ग्रामीणों ने जवाब दिया कि आपने गोली नहीं मारी, लेकिन आप उस समय सरकार का हिस्सा थे और किसानों के बारे में कुछ नहीं बोला। जजपा के नैना चौटाला, दिग्विजय चौटाला और अजय सिंह चौटाला को भी किसानों के खुले विरोध का सामना करना पड़ रहा है।