चंडीगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शनिवार को कक्षा 12वीं की रशियन, मार्केटिंग और सौंदर्य और स्वास्थ्य विषयों की परीक्षा ली। गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल-22 में पेपर देने आए विद्यार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य रहा। पेपर देने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान दिखी। रोजगार कौशल के प्रश्न करने में छात्र थोड़े अटके पर प्रश्नों में विकल्प होने से छात्रों ने अन्य सवाल किए। विद्यार्थियों ने बताया कि अंग्रेजी के पेपर के अगले ही दिन परीक्षा होने के बावजूद अच्छे से तैयारी हो गई थी। 60 अंक के पेपर को उन्होंने तीन घंटे से पहले पूरा कर लिया।गवर्नमेंट गर्ल्स मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल-20 से विषय विशेषज्ञ अनीता ने बताया सभी प्रश्न सिलेबस में से पूछे गए थे जिसमें मेकअप, रोजगार कौशल, रिसेप्शन काउंटर से जुड़ी प्रक्रियाएं शामिल रहीं। 60 अंक के प्रश्नपत्र में 30 अंक के बहुविकल्पीय और 30 अंक के विस्तृत प्रश्न आए थे। प्रश्नपत्र इस तरह से बनाया गया था जिससे कमजोर छात्र भी कम से कम 20 अंक प्राप्त कर पाए।
दो घंटे में किया पेपर पूरा
हम जो पढ़ कर गए थे परीक्षा में वही सब आया था। पेपर में स्किन टोन, मेकअप करने में त्वचा के रंग का महत्व, सौंदर्य चिकित्सक की जिम्मेदारियां, ग्राहक के रिकॉर्ड बनाना, आदि प्रश्न आए थे। दो घंटे के समय में ही पेपर पूरा हो गया था। उम्मीद है इस पेपर में 50 से अधिक अंक आएंगे। - सहजप्रीत, जीजीएमएसएसएस-20
घर जाकर चैन से सोउंगी
सौंदर्य और स्वास्थ्य का मेरा तीसरा पेपर था। दो दिन लगातार पेपर देने के बाद अब घर जाकर आराम से सोंउगी। कोई छुट्टी न होने के बावजूद पेपर अच्छे से हो गया। अब अगला पेपर एक महीने बाद 29 मार्च को होगा। -अंकिता, जीजीएमएसएसएस-20