श्री आनंदपुर साहिब। डिप्टी कमिश्नर रूपनगर आदित्य डचलवाल (आईएएस) वीरवार 6 फरवरी को श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक एसडीएम कार्यालय के मीटिंग हॉल में होगी, जिसमें सभी जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में होला मोहल्ला के सुचारू और सुरक्षित आयोजन की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। यह पर्व 27, 28 फरवरी और 1 मार्च को कीरतपुर साहिब तथा 2, 3 और 4 मार्च को श्री आनंदपुर साहिब में मनाया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, निर्बाध बिजली आपूर्ति और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष निर्देश देंगे। भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए अग्रिम और समन्वित योजना बनाने पर जोर रहेगा। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल आपूर्ति, बिजली, परिवहन और नगर परिषद समेत सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सफाई, अस्थायी शौचालय, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, संकेतक और हेल्प डेस्क की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी। संवाद