कैशलेस के लिए केंद्र सरकार ने 15 दिसंबर तक की समय सीमा निर्धारित की है, लेकिन अभी भी प्रशासन के कई विभाग ऐसे हैं जहां कैश ही चल रहा है। कैशलेस का कोई विकल्प मौजूद नहीं है। ऐसे विभागों को अब ई-संपर्क सेंटर से जोड़ा जा रहा है।
इन विभागों की सर्विसेज का भुगतान ई-संपर्क सेंटर पर होगा। यानी सीधे तौर पर न सही, लेकिन यह विभाग भी कैशलेस हो जाएंगे। प्रशासन 15 दिसंबर तक चंडीगढ़ को कैशलेस करने की दिशा में यह विकल्प लोगों को मुहैया करवाएगा। इससे पहले सीटीयू, गवर्नमेंट आर्ट म्यूजियम और डीसी ऑफिस सहित कई विभागों में स्वाइप मशीन लग गई हैं।
हालांकि अभी मांग के हिसाब से स्वाइप मशीन नहीं मिली हैं, लेकिन विकल्प के तौर पर सुविधा शुरू हो गई है। रॉक गार्डन और सुखना लेक पर भी वीरवार को स्वाइप मशीन लगने से कार्ड से पेमेंट हो सकेगी।
अभी तक दोनों जगह टिकट काउंटरों पर कैश से ही पूरा लेन-देन होता है। ई-संपर्क सेंटरों पर बिजली-पानी के बिलों का भुगतान होने के साथ ही कई दूसरी सेवाएं पहले ही उपलब्ध है। अब कई विभागों को इससे जोड़ा जा रहा है। इन विभागों की कौन-कौन सी सेवाएं लोगों को ई-संपर्क सेंटर पर मिलेंगी यह वीरवार को फाइनल हो जाएगा।