मनीमाजरा। चंडीगढ़ प्रशासन के समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक विज्ञप्ति जारी करके कहा कि विकास नगर के 16 केंद्रों आंगनबाड़ी केंद्र चलते है, जिनमें कुल 1,566 लाभार्थी पंजीकृत हैं और सभी केंद्र सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। सभी सेवाओं की वास्तविक समय में निगरानी पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन के माध्यम से की जाती है। विभाग ने यह भी बताया कि चंडीगढ़ में वर्तमान में 450 आंगनबाड़ी केंद्र सक्रिय हैं।
इस मुद्दे को उठाने वाले विकास नगर के मकान नंबर 1581 सोमित शर्मा ने फिर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि यहां पर 10 आंगनबाड़ी सेंटर चलते हैं। उन्होंने ग्राउंड लेबल पर जांच करके विभाग पत्र लिखकर बताया कि विकास नगर में 10 आंगनबाड़ी सेंटर ही चल रहे है। जिसकी जांच की जानी चाहिए। सोमित शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन जिन 16 जगहों में आगनबांडी सेंटर चलने का ज्रिक है, उनमें से 6 जगह सेंटर नही चलते है।
इस पर विभाग ने अब जारी एक बयान में कहा कि विकास नगर में 16 जगह आंगनबाड़ी सेंटर चल रहे। जिनकी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली ( एबीएएस) और फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस) लागू हैं, जिससे उपस्थिति और पोषण वितरण पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी हो गया है।
विभाग ने यह भी कहा कि नियमित निरीक्षण और ऑडिट के माध्यम से सेवा वितरण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाती है। साथ ही, विजन 2047 कार्य योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से 40 आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श केंद्रों में विकसित किया जा रहा है। विभाग ने यह भी दोहराया कि वह आईसीडीएस योजना के तहत पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं सोमित शर्मा का कहना कि विकास नगर के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की कोई नियमित गतिविधि या कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाते। इन केंद्रों में अग्निशमन उपकरण या दवाइयों की किट जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। विभाग द्वारा जिन पार्कों में बच्चों को ले जाने की बात कही गई है, विकास नगर के उन पार्कों में झूले या खेल उपकरण तक नहीं लगे हैं।
इस लिए उन्होंने मांग की है कि घर-घर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर एक स्थान पर सरकारी इमारत में एकीकृत आंगनबाड़ी केंद्र बनाया जाए, ताकि सभी बच्चों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर स्थायी भवन निर्माण का अनुरोध भी किया है।