चंडीगढ़। सेक्टर-54 में सरकारी स्कूल के सामने सिर पर पत्थर मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक युवक की पहचान कर ली है। मृतक संदीप अंबाला का रहने वाला था। उसके माता-पिता और पत्नी की मौत हो चुकी है। नशे का आदी संदीप चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर माल ढुलाई का काम करता था। पुलिस घटना के बाद मृतक की तस्वीर से लगातार पहचान करनी की कोशिश कर रही थी।
पुलिस को पता चला कि मृतक रेलवे स्टेशन पर ढुलाई का काम करता था। पुलिस तस्वीर लेकर उसके घर पहुंची और तस्वीर दिखाकर पहचान की। वहीं, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस एक संदिग्ध की तलाश कर रही है जो हत्या की रात घटनास्थल के पास से गुजरा था। इसके बाद आरोपी मोहाली में घुस गया था। पुलिस मोहाली में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
यह है मामला : रविवार रात को स्कूल के पास कच्चा रास्ते पर एक युवक के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे बढ़हेड़ी बैरियर पर तैनात सीआरपीएफ के सिपाही रंजीत खंडरे ने 112 नंबर पर कॉल कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि कच्चे रास्ते पर युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस को मौके से एक पत्थर मिला, जिससे संदीप की हत्या की गई थी। मृतक हाथ संदीप और मंजू नाम गुदा हुआ था।