मनीमाजरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार देर रात कार्रवाई की। शराब के ठेके और दुकानदारों की ओर से फुटपाथ, बरम और पेड़ों पर लगाए गए विज्ञापन बोर्ड, बैनर और लाइटें हटाकर जब्त कर ली गईं।
यह अभियान मनीमाजरा-कालका हाईवे किनारे एनएसी शोरूम के बाहर चलाया गया। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर रोड विंग के एसडीओ बलराज छिकारा की टीम ने रात करीब नौ बजे के बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने शोरूम नंबर 814 के बाहर स्थित शराब के ठेके द्वारा लगाए गए चमकीले बोर्ड, रंग-बिरंगे बैनर और बरम पर लगाई गई लाइटिंग को हटाया। इसके साथ ही सड़क किनारे लगाए गए अन्य विज्ञापन बोर्ड भी कब्जे में लिए गए। अभियान के दौरान एनएसी स्थित मीना बाजार शोरूम के सामने पेड़ पर सजावट के लिए लगाई गई लाइटें भी हटाई गईं।