चंडीगढ़। शहर में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। बीती रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस था जो शुक्रवार को 4.7 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण तापमान में गिरावट आई है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। शहर में अब न केवल न्यूनतम तापमान बल्कि दिन का अधिकतम तापमान भी कम हो रहा है। वीरवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं ने ठंडक बनाए रखी। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सर्दी से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है। ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा। अगले तीन दिन तक शीतलहर भी चलेगी। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से ठंड से बचाने की जरूरत है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने, गर्म भोजन करने और घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
सुबह हल्का कोहरा नजर आ सकता है। सुबह बहुत ठंड रहेगी। दोपहर में धूप निकलेगी लेकिन ठंडक रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
कल कैसे रहेगा मौसम
मौसम साफ रहेगा। दिन में हल्की धूप भी निकल सकती है लेकिन शीतलहर का अलर्ट है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।