चंडीगढ़। सेक्टर-48 के आसपास के लोगों को अब इलाज के लिए शहर के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लंबे समय से सीमित सेवाओं से जूझ रहे इस अस्पताल में एक बार फिर सुविधाओं का विस्तार शुरू हो गया है जिससे आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। जीएमसीएच-32 अस्पताल प्रशासन ने यहां पुरानी बंद ओपीडी शुरू करने के साथ ही नई यूनिट का भी संचालन शुरू कर दिया है। इसके अंतर्गत अब सर्जरी, पीडियाट्रिक, स्किन, गायनी और यूरोलॉजी ओपीडी के साथ फिजियोथैरेपी की सुविधा शुरू कर दी गई है।
अस्पताल के उद्घाटन के बाद यहां चार ओपीडी सेवाएं शुरू की गई थीं लेकिन करीब दो महीने पहले तक अधिकांश सेवाएं लगभग ठप हो गई थीं और सिर्फ एक ओपीडी ही चल रही थी। इससे मरीजों को इलाज के लिए पीजीआई और जीएमसीएच-32 अस्पताल का रुख करना पड़ता था। अब जीएमसीएच-32 प्रशासन ने स्थिति सुधारते हुए एक-एक कर सभी सेवाएं फिर से शुरू करनी शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही अस्पताल में डेंटल यूनिट शुरू करने की भी तैयारी चल रही है। इसके लिए खाली कमरों में निर्माण कार्य किया जा रहा है और जल्द ही डेंटल चेयर लगाकर सुविधा शुरू की जाएगी।