चंडीगढ़। मदर्स डे पर ‘मां जैसा कोई नहीं’ विषय ने पाठकों की भावनाओं को शब्दों और तस्वीरों में जीवंत कर दिया। सैकड़ों पाठकों ने अपनी मां से जुड़ी यादें, कविताएं और भावनात्मक संदेश भेजकर ममता के अनमोल रंग साझा किए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी ने अपने जीवन में मां के प्रेम, त्याग और स्नेह को भावपूर्ण ढंग से व्यक्त किया।
किसी ने मां की डांट में छिपी चिंता को याद किया, तो किसी ने उनकी थपकी और गले लगाने के सुकून को कविता में पिरोया। कई पाठकों ने मां के साथ पुरानी तस्वीरें भेजीं, जिनमें बचपन की यादें और अनमोल पल फिर से जीवंत हो उठे। इन रचनाओं में मां के निस्वार्थ प्रेम, ममता और जीवन में उनकी अतुलनीय भूमिका को भावुक शब्दों में उकेरा गया। मदर्स डे पर यह पहल मां के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम व्यक्त करने का सजीव माध्यम बनी।