पंचकूला। जिले में शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को टैबलेट में अब एक घंटे के बजाय 35 मिनट पढ़ना होगा। विद्यार्थियों के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से यह फैसला लिया गया है। इससे पहले टैबलेट का प्रयोग हर विषय पर एक घंटे देना जरूरी था। विद्यार्थियों के बोर्ड की तैयारियों और प्रैक्टिकल को देखते हुए इस समय को घटा दिया है। ऑनलाइन के साथ अब विद्यार्थियों को शिक्षकों की ओर से ऑफलाइन भी पढ़ाया जा रहा है। मॉडल प्रश्न पत्र अभी से 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से हल करवाए जा रहे हैं। पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक ने बताया कि टैबलेट का प्रयोग प्रति सप्ताह प्रति विषय 25 मिनट कम किया गया है। यह समय सामान्य पढ़ाई से अलग होगा।
ऑफलाइन पढ़ाई बेहतरीन होने के लिए घटा समय
टैबलेट का अधिक समय प्रयोग करने से विद्यार्थियों को ऑफलाइन पढ़ाई करने में भी परेशानी होती थी हालांकि शिक्षकों के लिए टैबलेट प्रयोग के निर्धारित समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। ई-अधिगम के तहत जिले में करीब 6000 टैबलेट बांटे गए थे। विद्यार्थी टैबलेट से बेहतर तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें इसके लिए विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम अपलोड किए गए थे। विद्यार्थी दिए गए टैबलेट का सदुपयोग करें इसे लेकर शिक्षा विभाग ने टैबलेट पर गृह कार्य देने व उसकी निगरानी करने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया था लेकिन विद्यार्थियों पर अधिक दबाव को देखते हुए अब शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के लिए टैबलेट प्रयोग का समय प्रति विषय 25 मिनट कम कर दिया है।
प्रदेश स्तर पर होती है निगरानी
ई-अधिगम के तहत शिक्षा विभाग की तरफ से हर सप्ताह प्रदेश स्तर पर निगरानी की जाती है कि किस विद्यार्थी ने कितने समय टैबलेट का प्रयोग किया। शिक्षकों की मानें तो विद्यार्थियों के लिए टैबलेट पर हर सप्ताह प्रति विषय एक घंटे की बजाय 35 मिनट करने से विद्यार्थियों का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता है। ई-लर्निंग के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग प्रयासरत है।
कोट..
शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के बढ़ते ऑनलाइन के प्रेशर को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है। विद्यार्थियों को स्कूल में ऑफलाइन भी सही तरीके से पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। -सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला शिक्षा विभाग