मनीमाजरा। बुधवार तड़के 3:00 बजे से हो रही लगातार बारिश के बाद सुबह 8 बजे ही सुखना लेक फ्लड गेट खोलने के चलते किशनगढ़ गांव और शास्त्री नगर से चंडीगढ़ को आने जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया था।
इसकी वजह यह थी कि सुखना चो तूफान में होने के चलते दोनों पुलों के ऊपर से पानी निकलना शुरू हो गया था। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने इन पुलों को बंद करके वहां दिनभर बरसात में ड्यूटी दी और किसी भी वाहन चालक को इस तरफ से निकलने नहीं दिया। पिछले हफ्ते बापूधाम का एक युवक सुखना चो में बह गया था। तीन दिन बाद उसका शव मक्खन माजरा गांव के पास मिला था।
किशनगढ़ और शास्त्री नगर पुल के ऊपर से पानी गुजरने के चलते इनकी साइड में भी टूट गई है और इसके अलावा पुलों पर लगे लोहे के एंगल आदि पहले से टूट चुके थे। इस कारण यहां से निकलना बहुत खतरनाक हो चुका है। हालांकि दोपहर बाद बारिश बंद होने के बाद भी इन सड़कों को नहीं खोला गया क्योंकि सुखना चो में देर शाम तक पानी का बहाव बहुत तेज था। पानी के बहाव के साथ बहुत सारे पेड़, उनके तने और मिट्टी, गाद, पत्थर आदि शास्त्री नगर पुल के ऊपर तक आ गए थे। प्रशासन की ओर से जेसीबी लगाकर साफ करने का काम बुधवार देर शाम को किया जा रहा था।