पानीपत। शहर के हुडा सेक्टर-24 में पुलिस की मौजूदगी में एक परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। इसमें दंपति समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि सूचना मिलने से पहले मकान में पहुंची पुलिस भी परिवार को पिटती देखती रही और कुछ नहीं कर सकी। इसके चलते परिवार के लोगों में रोष है। पुलिस ने फिलहाल घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
मामला रविवार सुबह का है। थाना चांदनी बाग के अंतर्गत सेक्टर-24 निवासी रामफल अपने घर के बाहर बैठा था। इसी समय कुछ हथियारबंद युवक वहां पर घुस गए और रामफल, उसकी पत्नी अंग्रेजो देवी, बेटे विपिन व राकेश की बुरी तरह से पीट दिया।
पुलिस के डर से हमलावर कुछ देर में मारपीट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पड़ोस के लोगों ने दंपति व उसके दोनों बेटों को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।
घायल रामफल और अंग्रेजो देवी ने बताया कि उनके पड़ोस में तंत्र विद्या की जा रही है। पिछले दिनों उसके नाती का सूट गायब हो गया।
वह कई दिन तक तलाश करने के बाद भी नहीं मिला। इसके बाद वह सूट मकान के मैन गेट पर पड़ा मिला। सूट का एक हिस्सा काट रखा था और उसमें सिंदूर, मिठाइयां और टोने टोटके का सामान बांधा था। वह इसका विरोध कर रही थी तो इसी समय सामने वाले घर पर पड़ोस में रहने वाली महिला आ गई और उसके साथ कहासुनी हो गया।
उनको हमले का डर हुआ तो पुलिस को इसकी सूचना दी। इसकी सूचना मिलते ही दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। वे पीड़ित परिवार के लोगों के बयान दर्ज कर रहे थे कि इसी समय आरोपी पक्ष वहां आ गया और पुलिसकर्मियों के सामने ही परिवार पर हमला बोल दिया। इसमें रामफल, उसकी पत्नी अंग्रेजो देवी, बेटे विपिन व राकेश घायल हो गए। परिवार के लोगों का आरोप है कि आरोपी पुलिस से सेवानिवृत्त है और उनको लगातार धमकी दे रहा है।