चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों के लिए अब एयरपोर्ट परिसर में ही स्थायी सीआईएसएफ कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना तैयार की गई है। प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में आधुनिक बैरक बनाई जाएंगी, जहां जवान आराम से रह सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और एयरपोर्ट की सुरक्षा को और मजबूती देना है।
एयरपोर्ट की सुरक्षा फिलहाल करीब साढ़े पांच सौ सीआईएसएफ जवानों के जिम्मे है जो ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने-अपने निवास स्थानों पर लौट जाते हैं। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ अजय वर्मा के अनुसार कई दौर की बैठकों और विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि एयरपोर्ट परिसर में ही स्थायी बैरक बनाई जाएं। इससे जवानों को रहने, आराम करने और बिना तनाव के अपनी शिफ्ट पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
आपात स्थितियों में बुलाना आसान होगा
अजय वर्मा ने बताया कि कॉम्प्लेक्स को एयरपोर्ट एरिया के भीतर ही स्थापित किया जाएगा ताकि जवान हमेशा उपलब्ध रहें। आपात स्थितियों में जवानों को तुरंत बुलाना आसान होगा और प्रतिक्रिया समय भी काफी कम हो जाएगा। प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा जा चुका है, जिस पर फिलहाल विचार चल रहा है। मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत प्लान तैयार किया जाएगा जिसमें बैरकों के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा। इस कदम से न सिर्फ जवानों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।