चंडीगढ़। क्षयरोग मुक्त चंडीगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव मनदीप सिंह बराड़ की अध्यक्षता में इंटर-सेक्टोरल स्टेट टीबी फोरम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण विभागों के अलावा पीजीआई, जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ एड्स नियंत्रण सोसायटी, ड्रग इंस्पेक्टर तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उपलब्धियों, चुनौतियों और आगे की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि विभागों के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही टीबी मुक्त चंडीगढ़ का लक्ष्य संभव है। बैठक का खास आकर्षण टीबी से पूरी तरह स्वस्थ हो चुके तीन टीबी चैंपियनों की सहभागिता रही। उन्होंने अपने अनुभव साझा कर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। अंत में सभी हितधारकों ने टीबी उन्मूलन के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया।