चंडीगढ़। जरूरत से ज्यादा मेडिकल ऑक्सीजन खपत के मामले में यूटी प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार को ऑक्सीजन सप्लाई के नोडल अधिकारी यशपाल गर्ग ने सभी निजी अस्पतालों को पत्र लिखकर ऑक्सीजन के इस्तेमाल की जानकारी मांगी है।
यशपाल गर्ग ने निजी अस्पतालों से एक अप्रैल से 10 मई तक बेड की उपलब्धता, ऑक्सीजन की खपत व कहां से ऑक्सीजन की व्यवस्था की है, ये जानकारियां ई-मेल के माध्यम से मांगी हैं। गर्ग ने आदेश में कहा है कि निजी अस्पतालों को सभी जानकारी तीन दिन के अंदर भेजनी होगी। गौरतलब है कि इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित ईडन अस्पताल के खिलाफ जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन का इस्तेमाल करने का आरोप है। यूटी प्रशासन ने रविवार को जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर आदेश जारी किया है कि कमेटी 15 दिन में अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप देगी। पीसीएस अधिकारी जगजीत सिंह की अध्यक्षता में इस कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें जीएमएसएच-16 के डॉ. मनजीत सिंह और जीएमसीएच-32 के डॉ. मनप्रीत सिंह सहायता करेंगे। जानकारी के अनुसार यूटी प्रशासन को कुछ अन्य निजी अस्पतालों पर शक है, जो ऑक्सीजन की खपत में गड़बड़ी कर रहे हैं।