चंडीगढ़। सीबीआई की विशेेष अदालत में चल रहे आईटी पार्क की एक निजी कंपनी में फर्जी छापेमारी और प्रबंधक का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में आरोपी सुमित गुप्ता, अंकुर कुमार, प्रदीप राणा ने जमानत याचिका दायर की है। ये सभी आरोपी दिल्ली सीबीआई में उपनिरीक्षक थे। इस मामले में आरोपी आकाश अहलावत को अदालत ने पहले जमानत दे दी है। इस याचिका पर अगली सुनवाई 16 अगस्त को होगी।
बता दें कि आईटी पार्क स्थित एक कंपनी के प्रबंधक और पार्टनर से एक करोड़ की फिरौती मांगने का मामला सामने आया था। इसमें दिल्ली सीबीआई के चार उपनिरीक्षक आकाश अहलावत, सुमित गुप्ता, अंकुर कुमार, प्रदीप राणा उस कंपनी में फर्जी छापेमारी करने पहुंचे थे। इन पर आरोप है कि इन्होंने कंपनी के प्रबंधक के साथ पहले तो मारपीट की फिर उसे कार में बिठा कर सडकों पर घूमते रहे। रात में उसे छोड़ने के एवज में एक करोड़ की मांग की। हालांकि वे चंडीगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गए और बाद में उन्हें चंडीगढ़ सीबीआई के हवाले कर दिया गया।