चंडीगढ़। 12 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) निवासी आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ सन्नी की जमानत याचिका को जिला अदालत ने शनिवार को खारिज कर दिया। 27 अगस्त 2019 को सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एफआईआर के मुताबिक, पुलिस सेक्टर-39 के टी प्वाइंट पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच रात करीब 11 बजे टी प्वाइंट की ओर से एक व्यक्ति काले रंग की बुलेट पर आता दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। मुड़ते समय उसकी गाड़ी बंद हो गई। पुलिस ने शक के आधार पर जब उसे पकड़ा तो वह अपनी जींस से एक लिफाफा निकालकर फेंकने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जांच करने पर लिफाफे में से 12 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए, जिस संबंध में वह कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।