चंडीगढ़। जीरकपुर निवासी मेजर अंतरिक्ष त्यागी को राष्ट्रीय राइफल्स में पुलवामा में तैनाती के दौरान युद्ध कौशल, साहस, नेतृत्व व संयम का प्रदर्शन करते हुए अपने साथी योद्धाओं का नेतृत्व और अग्रिम पंक्ति में दुश्मन का सामना करने के लिए सेना मेडल (वीरता) प्रदान किया गया। शनिवार को हिसार मिलिट्री स्टेशन में आयोजित समारोह में दक्षिण-पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ (एवीएसएम) ने मेजर अंतरिक्ष त्यागी को सेना पदक (वीरता) से अलंकृत किया।पुलवामा जिले में तैनात मेजर अंतरिक्ष त्यागी, जिन्हें इलाके का अच्छा ज्ञान था, उन्होंने 2022 की गर्मियों की रात में आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर अपने साथी योद्धाओं के साथ तुरंत पहुंच कर लक्ष्य की घेराबंदी कर गोलीबारी नियंत्रण सुनिश्चित किया, जिसके परिणामस्वरूप कोई अतिरिक्त क्षति नहीं हुई। त्यागी ने छिपे हुए आतंकवादियों पर प्रभावी आक्रमण किया, जिससे उनके भागने की कई कोशिशें विफल हो गईं। मेजर त्यागी ने खुद की परवाह न करते हुए आतंकवादियों की अंधाधुंध गोलीबारी के बीच बेहद करीब से सटीक गोलीबारी की, जिससे एक आतंकवादी को ढेर हो गया। मेजर अंतरिक्ष त्यागी ने संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा में “पूरे भारत वर्ष में प्रथम स्थान” प्राप्त कर 2011 में एनडीए ज्वाइन किया था। उन्हें दिसंबर 2014 में भारतीय सेना में कमीशन मिला।
जीएमएसएसएस-16 और डीएवी से की है पढ़ाई
मेजर त्यागी ने प्रारंभिक शिक्षा चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल और जीएमएसएसएस-16 से प्राप्त की है। उन्होंने साबित किया है कि यदि सच्ची निष्ठा और लगन के साथ प्रयास किया जाए तो जीवन में उच्च मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों व युवाओं को आह्वान किया कि वे भारतीय सैन्य बलों को अपनी प्राथमिकता बनाएं और देश की सच्ची सेवा करें। मेजर त्यागी ने इसके अलावा कई बार आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सफल अभियानों का नेतृत्व किया और कई कट्टर आतंकवादियों से राष्ट्र को सुरक्षित किया।