चंडीगढ़। शहर में हो रही झपटमारी की वारदातें थमती नजर नहीं आ रही हैं। मंगलवार से बुधवार सुबह तक 24 घंटे तक को एक बार फिर झपटमारों ने अलग अलग थाना क्षेत्रों में दो झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे डाला। झपटमारी की पहली वारदात सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में हुई। यहां बाइक पर सवार दो झपटमार घर जा रही महिला से 70 हजार रुपये नगद और जरूरी दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। वहीं, झपटमारी की दूसरी वारदात बुधवार सुबह धनास स्थित पार्क में सैर कर रहे व्यक्ति के साथ हुई। जहां तीन युवकों ने सैर कर रहे व्यक्ति से नकदी और सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
पहली घटना में सेक्टर-38ए की रहने वाली बिंदू नेहरा (50 ) ने शिकायत में बताया कि वह मंगलवार शाम करीब 6 बजे मां के साथ सैर कर घर लौट रही थी। जैसे ही मकान नंबर-126 के पास पहुंची, उसी दौरान बिना हेलमेट पहने एक व्यक्ति पीछे से आया और उसके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गया। बिंदू नेहरा के मुताबिक उसके पर्स में 70 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। पीड़िता ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते साथ ही मौके पर पहुंची सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पीड़िता के बयानों पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
पहले मारपीट की, फिर नकदी और सोने की चेन छीनी
झपटमारी की दूसरी वारदात बुधवार सुबह धनास में स्थित पार्क में सैर कर रहे व्यक्ति के साथ हुई। यहां एक व्यक्ति से तीन लोग नकदी और सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। वारदात को लेकर पुलिस को दी शिकायत में धनास के रहने वाले प्रदीप कुमार ने बताया कि वह बुधवार सुबह सैर के लिए इलाके के पार्क में गया था। इसी दौरान तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उसे जबरदस्ती रोक लिया। पीड़ित के मुताबिक आरोपी बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी मारपीट के दौरान उसके पास मौजूद चार हजार रुपये और सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सारंगपुर थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी। हालांकि आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।