धनास के कुछ इलाकों में पंजों के ताजे निशान और बिखरे खून दिखे, जिससे एक हफ्ते से फैली तेंदुए की दहशत और बढ़ गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के अलावा वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पंजों की जांच की, जिसमें सामने आया कि सड़क पर बिखरा खून कुत्ते का है, जबकि पंजों के निशान तेंदुए और उसके शावक के हैं।
फॉरेस्ट ऑफिसर का कहना है कि अब तक जो सूचनाएं मिली हैं, उनके मुताबिक इस इलाके में तेंदुआ है और उसके साथ एक शावक भी है। धनास के पास हाउसिंग कॉलोनी के पास तेंदुए के पंजों के ताजे निशान मिले हैं। गनीमत यह है कि अब तक किसी व्यक्ति पर हमला नहीं हुआ है।
करीब एक हफ्ते पहले बोटेनिकल गार्डन में तेंदुए के निशान मिले थे। उसके बाद फॉरेस्ट प्रशासन की ओर से गार्डन में पिंजरा लगाया गया। तेंदुआ वहां तो नहीं आया, लेकिन गार्डन के सामने के जंगल में उसके निशान मिले। इसके बाद वहां भी पिंजरा लगाया गया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।