चंडीगढ़। सेक्टर-10 के स्टेडियम में चल रहे अंडर-16 टेनिस टूर्नामेंट में रिभव, हर्ष, सरेना और खुशी फाइनल में पहुंच चुके हैं। एआईटीए नेशनल सीरीज अंडर-16 टेनिस टूर्नामेंट में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में टॉप सीड रिभव सरोहा (चंडीगढ़) ने दिल्ली के जी मंछंदा को एकतरफा अंदाज में 6-0, 6-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में हरियाणा के हर्ष मारवाह ने दूसरी वरीयता प्राप्त दिव्य मलिक को कड़े संघर्ष में 6-4, 6-7(3), 6-4 से हराकर चौंकाने वाली जीत दर्ज की। अब फाइनल में रिभव और हर्ष आमने-सामने होंगे। लड़कियों के सेमीफाइनल में हरियाणा की सरेना गहलोत ने उत्तराखंड की पूर्वी पाटवा को 6-2, 6-2 से मात दी। दूसरे सेमीफाइनल में हरियाणा की 5 वीं वरीयता प्राप्त खुशी कादियान ने महाराष्ट्र की प्रार्थना खेड़कर को 6-7(5), 6-3, 6-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
डबल्स फाइनल में उत्तर प्रदेश के सानिध्य द्विवेदी और कौस्तुभ सिंह ने रिभव सरोहा और दिव्य मलिक की जोड़ी को 6-2, 6-7(2), 10-8 से हराकर लड़कों का खिताब जीता। लड़कियों के डबल्स फाइनल में हरियाणा की सरेना गहलोत और आंध्र प्रदेश की एषिता श्रीयाला ने हरियाणा की रीट अरोड़ा और पंजाब की प्रियांशी कटियाल को 7-5, 6-3 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।