मिनर्वा एकेडमी चंडीगढ़ के लिए आईलीग के फाइनल राउंड में पहुंचने के लिए सुनहरा मौका होगा। इसकेलिए उसे मणिुपर के निरोका फुटबाल क्लब को हराना होगा। आईलीग केफाइनल राउंड के लिए यह मुकाबला मिनर्वा एकेडमी और निरोका फुटबाल क्लब के बीच खेला जाना है। यह मैच सेक्टर 17 स्थित फुटबाल स्टेडियम में वीरवार को शाम चार बजे खेला जाना हैं।
मिनर्वा एकेडमी ने अभी तक आठ मुकाबले खेले हैं। जिनमें चार में जीत दर्ज की और एक मैच हार गई। इसके अलावा तीन मैच ड्रा रहे। इस तरह अंक तालिका में वह कुल 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुई है। दूसरी तरफ निरोका फुटबाल क्लब ने अभी तक सात मैच खेल है। इनमें तीन में जीत, दो में हार, दो ड्रा के साथ कुल 11 अंक बनाकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।
मैच से पहले बुधवार को एक प्रेस वार्ता में मिनर्वा के कोच सुरिंदर ने कहा कि कल का मैच हमारे लिए काफी अहम रहने वाला हैं। इसे हर हालत में जीतना होगा तभी फाइनल में जगह बना पाएंगे। कप्तान करीम अहमद ने कहा कि आईलीग में हमारी टीम अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रही है।
वहीं, निरोका फुटबाल क्लब में तीन विदेशी खिलाड़ी भी शुमार हैं। इस टीम के हेड कोच गिफ्ट रैखन ने बताया कि खिलाड़ी मैच जीतने के लिए जोर लगा देंगे, क्याेंकि इस मैच के बाद ही हमारी टीम ऊपरी क्रम में पहुंच पाएगी।