जीरकपुर। ढकोली में गुरुजीवन विहार के मकान नंबर 48 में किराएदार रह रही अकेली बुजुर्ग महिला की गैर मौजूदगी में कुछ लोग उनके घर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और पूरा फर्श उखाड़ दिया, साथ ही टाइलें भी तोड़ डालीं। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि कुछ लोग उनसे मकान खाली करवाने का दबाव बना रहे हैं और उन्होंने आरोप लगाया कि मकान मालिक ने ही कुछ लोगों को भेजकर ऐसा करवाया है। बुजुर्ग महिला शमनीना ने कहा कि वह किसी काम से बाहर गई थीं। वापस आकर देखा तो मकान के ताले टूटे थे और अंदर रखे तीन लाख रुपये कैश और गहने गायब थे। जिन लोगों ने घर की टाइल्स तोड़ी हैं वह पहले भी धमकाकर गए थे और कई बार परेशान कर चुके हैं। इसकी शिकायत उन्होंने ढकोली पुलिस को दी हुई है। बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह 11 साल से इस मकान में किराए पर रह रही है। मकान मालिक प्रभव ढींगरा से मकान किराए पर लिया था और चेक से किराया देती का रही हैं। लेकिन वर्ष 2016 में उनकी मौत हो गई थी और इसके बाद उनकी बेटी अर्चना सहगल जो कि विदेश में रहती है उसे किराया दे रही थीं। लेकिन अब उन पर मकान खाली करने पर दबाव बनाया जा रहा है। वह मकान खाली करने को तैयार हैं लेकिन सेहत ठीक न होने के कारण समय लग रहा है।
बीती आठ फरवरी को कुछ लोग आए थे उनमें अनिल सहगल भी था जो कि अब मकान मालिक है। उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरदस्ती किसी कागज पर साइन करवा लिए।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह बाहर गई हुई थी, शाम को पड़ोसी ने बताया कि किसी ने मकान के ताले तोड़ फर्श और टाइल्स उखाड़ दी हैं। इस यह सब उन्होंने वापस आकर देखा। जबकि उन्होंने मकान खाली करने के लिए सामान पैक किया हुआ था और खाली करने को तैयार है। लेकिन समय नहीं दिया जा रहा है और परेशान किया जा रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दे दी है।
कोट्स
हमें इस मामले में बुधवार की शाम को शिकायत मिली है, जिसके बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अगर कोई इसमें आरोपी पाया गया तो उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। -हरदीप सिंह, एसएचओ थाना ढकोली