मौसम विभाग का कहना है कि लगातार कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। कोई भी मौसमी सिस्टम नहीं बन रहा था, लेकिन अब एक उम्मीद बन रही है। बंगाल की खाड़ी में पूर्वी हवाओं का आना शुरू हो रहा है, जो पश्चिमी हवाओं को हटाने का काम करेंगी। इससे हवा में नमी बढ़ेगी और बारिश की संभावना बनेगी। अगले 48 घंटे बाद मौसम में बदलाव आएगा और दो और तीन जुलाई को बारिश हो सकती है। इससे दिन का तापमान नीचे आएगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि दो से चार जुलाई तक अच्छा मौसम रहेगा। बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
बुधवार को भी तापमान के बढ़ने के आसार हैं। लू भी चल सकती है। ऐसे में लोगों को थोड़ा सचेत होने की जरूरत है। दो जुलाई के आसपास मौसम में बदलाव आ सकता है। बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। -शिवेंद्र सिंह, मौसम वैज्ञानिक, चंडीगढ़ मौसम विभाग