चंडीगढ़। शहर में वीरवार देर रात जोरदार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। पिछले 24 घंटों में शहर में 35.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
बारिश के चलते शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम होकर 31.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 30 अगस्त से 3 सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान चंडीगढ़ में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश से तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा, जिससे शहरवासियों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।