ट्रेन के सफर में यात्री मनोरंजक टीवी चैनलों का आनंद उठा सकेंगे। दिल्ली से चलने वाली शताब्दी ट्रेनों को इस सुविधा से लैस किया जाएगा।
कालका शताब्दी ट्रेन में पायलट प्रोजेक्ट सफल होने के बाद अब नई दिल्ली से चंडीगढ़ और अमृतसर जाने वाली शताब्दी ट्रेनों में यह सुविधा मिलेगी।
माना जा रहा है कि इन दोनों शताब्दी एक्सप्रेस के यात्रियों को तीन से चार माह के अंदर सफर के दौरान टीवी देखने की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।
रेल अधिकारियों के मुताबिक पिछले दिनों टेंडर प्रक्रिया के दौरान तीन कंपनियां इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए आगे आई हैं। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही कंपनियों को शताब्दी ट्रेनों की सीट के पीछे एलसीडी स्क्रीन लगाने की इजाजत दे दी जाएगी।
शताब्दी ट्रेन की हर सीट के पीछे एक छोटी एलसीडी स्क्रीन लगाई जाएगी। जिस पर 80 टीवी चैनलों का प्रसारण किया जाएगा। सफर के दौरान यात्री अपनी मर्जी के अनुसार कोई भी चैनल देख सकेंगे।
वहीं संगीत के शौकीन यात्री हेड फोन लगाकर गानों का लुत्फ उठा सकेंगे। फिलहाल पहले फेज में इस सुविधा से चंडीगढ़ और अमृतसर शताब्दी ट्रेन को लैस किया जा रहा है।
बाद में लखनऊ शताब्दी, कालका शताब्दी, कानपुर, शताब्दी, अजमेर, भोपाल, देहरादून शताब्दी ट्रेनों में यह सुविधा दी जाएगी।
- पहले फेज में नई दिल्ली-चंडीगढ़ और अमृतसर शताब्दी में सुविधा
- लखनऊ, कालका, कानपुर और देहरादून शताब्दी ट्रेनों में भी लगेंगे
महंगा हो सकता है टिकट
रेल अधिकारियों का कहना है कि एक ट्रेन पर पांच से सात करोड़ रुपये का खर्च आएगा। लिहाजा टिकट 50 रुपये तक महंगा हो सकता है। दूसरी संभावना यह है कि चैनलों पर प्राइवेट कंपनियों को विज्ञापन प्रसारित करने की छूट दे दी जाए।