चंडीगढ़। शहर में वीनू मांकड़ ट्राफी का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को यूटीसीए की मेजबानी में सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मणिपुर ने मेघालय को 172 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मणिपुर ने 43 ओवरों में 236 रन बनाए। टीम की ओर से लकी (66) और दानिश (नाबाद 59) ने बेहतरीन पारियां खेलीं। जवाब में मेघालय की टीम सिर्फ 64 रन पर ढ़ेर हो गई। दानिश ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और चार विकेट झटके।
जीएमएसएसएस-26 मैदान पर खेले गए ट्राॅफी के दूसरे मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश ने नागालैंड को 9 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नगालैंड की टीम केवल 88 रन ही बना सकी। जवाब में अरुणाचल प्रदेश ने मात्र 15 ओवरों में एक विकेट खोकर 90 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के लिए मोहम्मद याकिब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 73 रन बनाए।
वहीं, ताऊ देवी लाल स्टेडियम पंचकूला में खेले गए मैच में सिक्किम ने मिजोरम को 44 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिक्किम की टीम 48.3 ओवरों में 187 रन बना सकी, जिसमें कप्तान डेन्नी (76) रनों के साथ टीम के टॉप स्कोरर रहे। जवाब में मिजोरम की टीम 143 रन पर सिमट गई, जिससे सिक्किम ने मुकाबला अपने नाम किया।