चंडीगढ़। बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षित रखने और स्कूलों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), चंडीगढ़ की ओर से शुक्रवार को माउंट कार्मेल स्कूल, सेक्टर-47 में पॉक्सो एक्ट पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत आयोजित इस कार्यशाला में चंडीगढ़ के विभिन्न स्कूलों के नामांकित शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ. परमिंदर कौर, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सदस्य सचिव, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने पॉक्सो एक्ट-2012 की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के खिलाफ यौन अपराध की सूचना देना धारा-19 के तहत अनिवार्य है। सूचना नहीं देने पर धारा-21 के तहत सजा का प्रावधान है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों का पहला संरक्षक बताया।
लॉ ऑफिसर राजेश्वर सिंह ने पीड़ित बच्चों को मुआवजा देने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, एडवोकेट ईशान डोगरा ने एफआईआर से लेकर सुनवाई तक की कानूनी प्रक्रिया बताई। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. परवीना जॉन सिंह ने अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद पर जोर दिया।
कार्यक्रम में शिक्षकों को स्कूलों में पॉक्सो समितियां गठित करने, शिकायत पेटी लगाने और जागरूकता सत्र आयोजित करने की जानकारी दी गई। अंत में सभी प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर प्रमाणपत्र दिए गए।