चंडीगढ़। कॉलेजों के शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को 7वें वेतनमान को लागू करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशक रूबिंदरजीत सिंह बराड़ से मिला। चंडीगढ़ गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मनोज कुमार और डॉ. हिमांशु ने शिक्षकों को यूजीसी नॉर्म्स के तहत वेतन देने की मांग की। इस पर शिक्षा निदेशक ने आश्वासन दिया है कि वे शिक्षकों के मुद्दों को लेकर सोच-विचार करेंगे।
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि एक जनवरी, 2016 में जारी यूजीसी के 7वें वेतनमान को चंडीगढ़ में भी लागू करवाने के लिए शिक्षा निदेशक के साथ बैठक की गई। उन्होंने बताया कि यूटी में 10 से ज्यादा प्राइवेट और सरकारी कॉलेजों में 1000 के करीब शिक्षक कार्यरत हैं। सभी केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों में 7वां वेतनमान लागू कर दिया गया है। यहां तक कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी 6 महीने पहले इसे लागू कर दिया गया है। वहीं, हरियाणा से डेपुटेशन पर यूटी में कार्यरत शिक्षकों को भी 7वें वेतनमान के आधार पर तनख्वाह दी जा रही है। ऐसे में यूटी के कॉलेजों में शिक्षकों को नौकरी और काम के लिए प्रभावित करना मुश्किल हो रहा है।
कोट्स
कॉलेजों के शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल की हमारे साथ बैठक हुई है। उन्होंने अपनी मांगों को विभाग के सामने रखा है। हम इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेंगे।
- रूबिंदरजीत सिंह बराड़, शिक्षा निदेशक, यूटी