मनीमाजरा। शिक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचारों के लिए राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय मनीमाजरा की शिक्षिका अर्शी शर्मा को अरविंदो सोसाइटी ने नेशनल टीचर इनोवेशन अवार्ड से नवाजा। इस उपलब्धि पर सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाली अरविंदो सोसायटी ने पूरे भारत से नवाचारी सुझावों को आमंत्रित किया था। इनमें 63 शिक्षकों का चयन नेशनल अवार्ड के लिए किया गया। सोसायटी के डायरेक्टर अशोक कुमार ने अर्शी शर्मा को यह अवार्ड देकर नवाजा। शिक्षण संस्थान आईआईटी दिल्ली के डोगरा हॉल में आयोजित समारोह में शिक्षकों को यह सम्मान दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर थे। इनके साथ ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रताप सिंह सारंगी, पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, डायरेक्टर आईआईटी रामगोपाल राय भी समारोह में शामिल हुए।