एक देश-एक चुनाव के लिए गठित कमेटी का सीएम व डिप्टी सीएम ने किया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में एक देश-एक चुनाव के लिए गठित कमेटी का मुख्यमंत्री मनोहरलाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कमेटी को सराहनीय और समयानुकूल बताया। उन्होंने बताया कि भाजपा हमेशा एक देश-एक चुनाव की पक्षधर रही है। यह कमेटी निश्चित तौर पर सार्थक पहल है। यह कमेटी इस विषय पर विचार करने के बाद अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा कि एक देश-एक चुनाव लागू होने से हर साल होने वाले चुनावों पर खर्च होने वाली भारी धनराशि की बचत होगी। एक साथ चुनाव होने से करदाताओं के पैसे बचेंगे और इन पैसों का इस्तेमाल जनता की भलाई के लिए किया जा सकेगा और सरकारें भी चुनाव के इस दबाव से मुक्त होकर जनहित के निर्णय ले सकेंगी।
उधर, शुक्रवार को गुरुग्राम में ‘मेरा बिल-मेरा अधिकार योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे देश में एक ही चुनाव करवाने के पक्षधर हैं। इस दिशा में केंद्र सरकार द्वारा बेहद अच्छी शुरुआत की गई है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि अब आगे इस विषय पर अच्छे से विचार-विमर्श होना चाहिए और उसके बाद निष्कर्ष निकलना चाहिए।