चंडीगढ़। बंदर को कैद में रखने के आरोप में टैटू शॉप के मालिक और उसके मैनेजर को जिला अदालत से जमानत मिल गई है। फॉरेस्ट और वाइल्ड लाइफ विभाग ने बुधवार को टैटू शॉप के मालिक कमलजीत सिंह और उसके मैनेजर दीपक को गिरफ्तार किया था। कमलजीत ने बंदर के साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई फोटो भी डाली थी। विभाग की टीम ने उसके ऑफिस और घर पर छापेमारी की थी, लेकिन बंदर नहीं मिला। उसके बाद विभाग ने आर्टिस्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद दोनों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 50 के तहत गिरफ्तार किया गया। चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स एंड चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन देवेंद्र दलाई ने कहा कि वह मामले में चार्जशीट दाखिल करेंगे। हालांकि, दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई है, लेकिन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज है। दोनों के खिलाफ मुकदमा चलता रहेगा।