चंडीगढ़। सिटी की महिला क्रिकेट खिलाड़ियाें तान्या भाटिया और हरलीन कौर का चयन सीनियर वुमन टी- 20 चैलेंजर ट्रॉफी केलिए हुआ है। यह ट्रॉफी 4-11 जनवरी तक कटक में आयोजित की जाएगी। ऑल इंडिया वुमन चयनकर्ता कमेटी की बैठक में टी- 20 चैलेंजर ट्रॉफी में महिला खिलाड़ियाें की टीमाें का चयन किया गया। इसमें ए, बी, सी टीमाें के लिए महिला खिलाड़ियाें के नाम की घोषणा की गई। तान्या भाटिया और हरलीन देयोल दोनों एमसीएम डीएवी कॉलेज 36 की छात्राएं हैं और वह भारतीय महिला टीम का हिस्सा पिछले कई सालाें से रही हैं। तान्या विकेट कीपर है वहीं, हरलीन देयोल लेग स्पिनर है।
इस ट्रॉफी के लिए भारतीय ए टीम में तान्या भाटिया विकेट कीपर के तौर पर खेलेंगी वहीं, ए टीम की भारतीय वुमन टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर रहेगी। तान्या भाटिया के पिता कॉलेज और स्कूल में विकेट कीपर थे। उन्होंने अपनी बेटी को भी विकेट कीपर बनाने की ठान ली। सात साल की उम्र में तान्या ने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। डीएवी स्कूल -8 युवराज सिंह के पिता योगराज और कोच सुखविंदर बाबा से पांच साल क्रिकेट के गुर सीखे। मौजूदा समय में सेक्टर 36 स्थित जीएनपीएस अकादमी में कोच आरपी सिंह और जसवंत राय से कोचिंग ले रही है। वुमन टी- 20 चैलेंजर ट्रॉफी केलिए भारतीय सी टीम का हिस्सा हरलीन देयोल हाेंगी। सी टीम की कप्तानी वेद्या कृष्णमूर्ति के हाथाें में होगी। हरलीन लेग स्पिनर है और टीम के लिए सलामी बल्लेबाज की भूमिका भी निभाती हैं। वह इससे पहले तीन बार भारतीय महिला टीम का हिस्सा रह चुकी है।