चुनाव आयोग की मंजूरी के बाद यूटी प्रशासन ने सोमवार को चंडीगढ़ की अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) तन्वी गर्ग से एसडीएम (सेंट्रल) और अतिरिक्त डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (एडीएम) के पद वापस ले लिए हैं।
एसडीएम (साउथ) और आरएलए कशिश मित्तल को एडीएम और एसडीएम (ईस्ट) दानिश अशरफ को एसडीएम (सेंट्रल) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
शहर में ऐसा पहली बार हुआ है जब एडीसी और एडीएम के पदों को अलग अलग किया गया है। अभी तक चंडीगढ़ के एडीसी के पास ही एडीएम का अधिकार होता था।
साथ ही एडीसी ही एसडीएम (सेंट्रल) भी होता था। ऐसा सिर्फ इसलिए किया गया है ताकि यूटी कैडर की 2009 बैच की आईएएस अधिकारी तन्वी गर्ग को शहर में रोका जा सके।
चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक, ऐसे किसी अधिकारी की चुनाव में ड्यूटी नहीं लगाई जा सकती है या उसे एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार जैसे पदों पर नहीं नियुक्त रहने दिया जा सकता है जो अपने होम टाउन में पोस्टेड हैं।
तन्वी गर्ग का होमटाउन चंडीगढ़ होने के कारण प्रशासन ने उनका तबादला करने की जगह उनसे एडीएम और एसडीएम के चार्जेस लेकर दूसरे अधिकारियों में बांट दिए।
हालाकि गर्ग के पास पर्यटन निदेशक, सिटको एमडी, एडिशनल लेबर कमिश्नर, खाद्य एवं आपूर्ति की अतिरिक्त निदेशक और एक्साइज एंड टैक्सेशन की अतिरिक्त आयुक्त जैसे पदों का चार्ज रहेगा।