चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पार्टी के चीफ व्हीप रहे नरेंद्र बरागटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। टंडन ने कहा कि उनके निधन से हिमाचल की राजनीति में जो शून्य पैदा हुआ है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। बरागटा पिछले कई दिनों से चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में उपचाराधीन थे। शनिवार की सुबह उनका निधन हो गया। निधन के बाद बरागटा का पार्थिव शरीर सेक्टर-28 स्थित हिमाचल भवन में लाया गया, जहां चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा के भाजपा नेताओं के अलावा हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने अंतिम विदाई और श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक संदेश में टंडन ने कहा कि नरेंद्र बरागटा ने हमेशा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के अधिकारों की आवाज उठाई है। बरागटा के निधन से समूची पार्टी स्तब्ध है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, हिमाचल के संगठन मंत्री पवन राणा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बरागटा को श्रद्धांजलि भेंट की।