हलवारा। जीआरडी कार बाजार लुधियाना के मालिकों की ओर से रायकोट निवासी बलदेव सिंह को बेची गई ब्रेजा कार का रजिस्ट्रेशन फर्जी दस्तावेजों, मोहरों और जाली हस्ताक्षरों से किसी और को बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले में उच्च न्यायालय ने लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी अंकुर गुप्ता को नोटिस जारी कर 60 दिन में धोखाधडी करने वालों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
कथित आरोपियों ने महंगा रजिस्ट्रेशन नंबर किसी और को बेचने के लालच में फर्जी हस्ताक्षर, दस्तावेजों और मोहरों के माध्यम से कार की बजाय एक स्कूटी पीड़ित के नाम रजिस्टर करवा दी। पीड़ित बलदेव सिंह ने बताया कि उसने जीआरडी मोटर्स लुधियाना से ब्रेजा कार खरीदी थी। गाड़ी खरीदते समय कार डीलरों के साथ गाड़ी का रजिस्ट्रेशन समेत सौदा किया गया था। डीलरों ने आरसी ट्रांसफर करवाकर देने का एग्रीमेंट भी किया था। सौदे की रकम खाते में ट्रांसफर करने के बाद कार डीलरों ने गाड़ी डिलीवर कर दी। आरसी रजिस्टर करने में टालमटोल शुरू कर दिया और बताया गया कि गाड़ी का मालिक रजिस्ट्रेशन नंबर खुद रखना चाहता है।
पीड़ित बलदेव सिंह ने कार डीलरों पर आरोप लगाया कि उन्होंने ऊंची कीमत पर कार का नंबर बेचने के लालच में फर्जी दस्तावेज तैयार करके धोखाधडी की है। एसएसपी लुधियाना ग्रामीण को लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इससे तंग आकर माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। माननीय उच्च न्यायालय ने लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता को दो महीने के भीतर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। पीड़ित बलदेव सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से तत्काल न्याय की मांग की।