महिलाओं के टी-20 वर्ल्ड कप के आगाज मैच में श्रीलंका को शिकस्त देने के बाद न्यूजीलैंड के हौसले बुलंद हैं और वह आयरलैंड के खिलाफ भी अपना विजय अभियान जारी रखना चाहेगी।
वहीं, आयरलैंड की टीम इस मुकाबले के लिए कमर कसे हुए है। पीसीए में न्यूजीलैंड और आयरलैंड की टीमों के बीच शुक्रवार को टी-20 वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि मैच पर मौसम की मार पड़ती नजर आ रही है। वीरवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। लेकिन बूंदाबांदी के बावजूद दोनों टीमों ने पीसीए में नेट अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।
जीत के लिए जोर लगा देगी टीम
वीरवार को पीसीए में एक प्रेस वार्ता में आयरिश टीम की इसोबेल जेयसी ने कहा कि वह अपनी टीम के लिए काफी कॉन्फिडेंट है। उन्होंने कहा कि वे भारतीय पिचों के अनुसार ही अपनी टीम को उतारेंगी। इनके अनुसार आयरलैंड की महिला टीम में चार ऐसी खिलाड़ी हैं, जिनकी उम्र 20 से कम है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने पिछले साल नवंबर तक अधिक टी-20 मुकाबले नहीं खेले थे, लेकिन इस वर्ल्ड कप के लिए वह पूरी तरह से तैयार हैं। टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ मोहाली में मैच जीतने के लिए पूरा दम लगा देगी।
जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी टीम
न्यूजीलैंड टीम की कप्तान सूजी बेट्स ने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप के आगाज मैच में श्रीलंका को शिकस्त देने के बाद आयरलैंड के खिलाफ जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेंगी। इनके अनुसार टीम के पास पांच दमदार स्पिनर्स हैं और उनका ध्यान ज्यादा से ज्यादा विकेट निकालने पर होगा। वहीं टीम की कोच हैडी ने बताया कि उनके देश में भारतीय क्रिकेटरों को काफी पंसद किया जाता है।