पंजाब और हरियाणा की विधानसभा में प्रमुखता से उठे सतलुज यमुना लिंक नहर का मुद्दा धरातल पर भी गरमा गया है। यूथ अकाली दल के 100 के अधिक कार्यकर्ता बनूड़ के पास से गुजर रही एसवाईएल नहर को बंद करने पहुंच गए।
बीस के करीब जेबीसी मशीनों से उन्होंने नहर को खोदने की कार्रवाई शुरू ही की थी, लेकिन मामला तनावपूर्ण हो गया। मोहाली से जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पुलिस फोर्स को भी बुला लिया गया है। खबर लिखे जाने तक मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री पहले ही बयान दे चुके हैं कि सतलुज यमुना लिंक नहर से एक भी बूंद पानी हरियाणा को नहीं दिया जाएगा। वहीं, हरियाणा सरकार का कहना है कि अपने हिस्से का पानी हम लेकर रहेंगे।
उधर, राज्यपाल ने कहा है कि जो उन्हें उचित लगेगा, वे वही फैसला लेंगे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एसवाईएल के मुद्दे पर पंजाब के साथ ही दिखाई दे रहे हैं।