चंडीगढ़। बंगलूरू में आयोजित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मंगलवार को पंजाब का सामना कर्नाटक से हुआ। जहां पंजाब की टीम ने करुण नायर की कप्तानी वाली कर्नाटक को 9 विकेट से हरा दिया। इस मैच में पंजाब के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल ने हैट्रिक लेने का कारनामा किया और अपने 4 ओवर के कोटे में 26 रन देकर चार विकेट झटकाए।
कौल को अपना पहला विकेट कप्तान करुण नायर के रूप में मिला। इसके बाद पारी के 16वें ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार तीन विकेट चटकाकर हैट्रिक बनाई। सबसे पहले उन्होंने रोहन कदम को रमनदीप सिंह के हाथों कैच आउट करवाया। उसके बाद अनिरुद्ध जोशी को क्लीन बोल्ड और अभिमन्यु मिथुन को अनमोल प्रीत सिंह के हाथों कैच कराकर हैट्रिक लेने का कारनामा किया।
मैच में कर्नाटक ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। टीम के लिए रोहन कदम ने सबसे ज्यादा 32 रन जुटाए। वहीं देवदत्त पडीक्कल ने 19 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में पंजाब की ओर से सिद्धार्थ कौल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह ने दो, रमनदीप सिंह और गुरकीरत सिंह ने 1-1 विकेट चटकाया। मैच में 126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने 14.4 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंजाब की ओर से सिमरन सिंह ने 52 गेंदों में 89 रन बनाए। इस दौरान इन्होंने 9 चौके और 5 छक्के जमाए। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने 30 रन का योगदान दिया। कर्नाटक की ओर से एकमात्र विकेट कृष्णपा गौतम के खाते में गया।