चंडीगढ़। प्रशासन ने 15 अगस्त को तरणताल (स्वीमिंग पूल) खोलने को कहा है। इसी के चलते तैराक खुद को तंदुरुस्त रखने के लिए दौड़ लगा रहे हैं ताकि वे मानसिक और शारीरिक तौर पर तंदुरुस्त रह सकें। अब इस सीजन में सिर्फ शहर में सभी मौसम में चलने वाले तरणताल (ऑल वेदर स्वीमिंग पूल) ही खुलेंगे।
पंजाब विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कोच गुरचरण सिंह ने बताया कि सभी मौसम में चलने वाले तरणताल में हमारे खिलाड़ी अभ्यास करने को तैयार बैठे हैं। इसमें उन खिलाड़ियों को ही अभ्यास की अनुमति मिलेगी जिन्होंने भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है। पीयू ने देश को कई नामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने मेडल जीतकर देश और पंजाब विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।