कमरे में मिट्टी का गुबार फैल गया। सभी लोग घबराकर घर से बाहर आ गए और पड़ोसियों के माध्यम से मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कल्लरखेड़ा चौकी प्रभारी एएसआई रविंदर सिंह व खुईयां सरवर थाना प्रभारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया।
इसके बाद एसडीएम पूनम सिंह और दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आस-पास के क्षेत्र को खाली करवा दिया गया। वहीं मीडिया सहित गुप्तचर विभाग के अधिकारियों को भी घटनास्थल से बहुत ही दूर रोक दिया गया था। सोमवार सुबह होते ही बीएसएफ के अधिकारी और आर्मी का बम निरोधक दस्ता हरदेव सिंह के घर पहुंचा और जिस ट्रंक में उक्त वस्तु गिरी थी, उसे ट्रंक सहित उठाकर दूर खेतों में ले गए।
मौके पर मौजूद एसडीएम पूनम सिंह ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है।
सेना के कर्नल विक्रमजीत सिंह बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ता रॉकेटनुमा चीज को आबादी से दूर खेत में ले गया। इसके बाद खेत में गहरा गड्ढा खोदा गया। दस्ते ने रॉकेटनुमा चीज को गड्ढे में डालकर निष्क्रिय कर दिया। सेना और पुलिस के अधिकारी कोई भी जानकारी देने के बजाए चुप्पी साधे हुए हैं।